Saturday 19 March 2016

किसानों के त्याग और कठिन परिश्रम का परिणाम है कृषक कर्मण पुरस्कार

दलहन उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को  2014-15 का राष्ट्रीय कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हुआ है । नई दिल्ली के इंडियन एग्रीकल्चर रिसर्च इंस्टिट्यूट में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री डॉ रमण सिंह और कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को यह सम्मान प्रदान किया है। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के अन्नदाता मेहनतकश किसानों को  बधाई व शुभकामनायें प्रेषित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए हर्ष और गौरव का दिन है। चौथी बार यह सम्मान मिलना राज्य के किसान साथियों की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की हमेशा कोशिश रही है कि अन्नदाता किसान धान के अलावा दलहन-तिलहन और उद्यानिकी फसलों की पैदावार बढ़ाये और लाभ अर्जित करें। किसानों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने हम तत्पर है। उन्हें तकनीकी तौर पर सक्षम बनाने, उनके खेत में  पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की हरसंभव हमारी कोशिश है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने बजट में किसानों के हित को सबसे ऊपर रखा है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना से आने वाले समय में खेती किसानी के दिन निश्चित ही  बेहतर होंगे। विपरीत परिस्थितियों में भी प्रधानमंत्री फसल सुरक्षा बीमा किसानों को राहत प्रदान करेगा। हमारा मानना है कि सुखी और समृद्ध भारत का निर्माण तभी होगा जब कृषि पर आश्रित देश की 70 फीसदी आबादी का जीवन खुशहाल होगा। अपनी इसी मान्यता के साथ  केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पूरे तन-मन और धन से अन्नदाताओं की सेवा में तत्पर है। हमारे इन्ही प्रयासों को किसानों ने सराहा है। आज वे प्रगति की राह पर है। यह कृषक कर्मण पुरस्कार उन किसान भाईयों की त्याग और कठिन परिश्रम का ही परिणाम है। आशा ही नही अपितु पूर्ण विश्वास है कि छत्तीसगढ़ के किसान निरंतर ऐसी उपलब्धियां हासिल कर छत्तीसगढ़ का मान बढाते रहेंगे।

No comments:

Post a Comment